संवाददाता - बागी न्यूज 24 विगत 08 वर्षाें में 204 करोड़ पौधों का हुआ रोपण- मुख्यमंत्री डबल इंजन की सरकार विकास में विश्वास करती है, विभ...
संवाददाता - बागी न्यूज 24
- विगत 08 वर्षाें में 204 करोड़ पौधों का हुआ रोपण- मुख्यमंत्री
- डबल इंजन की सरकार विकास में विश्वास करती है, विभाजन में नहीं- मुख्यमंत्री
- वन विभाग से एक-एक पेड़ लेकर अपने अपने घर एवं खेत में अवश्य लगायें- मुख्यमंत्री
- वृहद पौधरोपण कार्यक्रम में एक पेड़ मां के नाम जरूर लगायें : मुख्यमंत्री
- पौधारोपण केवल वर्तमान को संवारने का ही नहीं, बल्कि भविष्य को बचाने का भी अभियान है- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे याद है जब हम लोगों ने पहले दिन 2017 में वृक्षारोपण के कार्यक्रम के लिए बैठक ली। वन विभाग से जब मैंने पूछा था कितनी नर्सरी है, कुल मिलाकर के 5 करोड़ की नर्सरी भी नहीं थी। उन्होने कहा कि इस वर्ष वन विभाग के पास विभिन्न विभागों के द्वारा और निजी क्षेत्र को मिलाकर के हमारे पास 52 करोड़ की नर्सरी पौधों की है। जिसमें पीपल भी है, पाकड़ भी है, बरगद भी है, नीम भी है, आम, देसी आम भी है और विभिन्न प्रजातियों के आम भी है, जामुन भी है, अर्जुन भी है, आंवला भी है, तमाम प्रकार की औषधीय वृक्ष भी हैं और अभी तो आपने देखा होगा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और जीरो पावर्टी के अंतर्गत जिन 15 लाख गरीबों का चयन हुआ है, उन परिवारों के घर में अभी से सहजन का एक-एक पौधा लगाने के कार्यक्रम का भी आज शुभारंभ हुआ है। उन्होने कहा कि सहजन का मतलब प्रोटीन और विटामिन से भरपूर एक ऐसा पौधा, उसकी पत्तियां का साग भी पौष्टिक है, उसकी फली भी पौष्टिक है। अगर कुपोषित व्यक्ति भी सहजन का सूप पी ले, उसका साग खा ले एवं लंबे समय तक सेवन करेगा तो न केवल मनुष्य, बल्कि गाय को भी लोग खिलाते हैं, उससे दूध बढ़ेगा, इसलिए लोग सहजन खिलाते हैं। उन्होने कहा कि एक-एक पौधा हर घर में लगाने की व्यवस्था और उसकी नर्सरी भी वन विभाग ने तैयार की है। उन्होने कहा कि हमने 5 करोड़ से 52 करोड़ तक की इस यात्रा को आगे बढ़ाया है। यह 5 करोड़ से 52 करोड़ की यह यात्रा नर्सरी की ही नहीं है, यह उत्तर प्रदेश के विकास की भी यात्रा है। उत्तर प्रदेश का विकास इसी रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार ने जनपद आजमगढ़ में एक्सप्रेसवे, विश्वविद्यालय, संगीत महाविद्यालय एवं चारों ओर सड़कों का जाल बिछाया है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार विकास में विश्वास करती है, विभाजन में नहीं। उन्होने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान देश के अंदर कहीं जाएगा, देखने वाले के चेहरे पर चमक आ जाती है। उत्तर प्रदेश के नाम से चमक पैदा होती है। उन्होने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का परसेप्शन है, क्योंकि अब उत्तर प्रदेश विकास की रफ्तार में आगे बढ़ा है और आपने देखा होगा, अभी समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी कार्रवाई में लिप्त तत्वों के खिलाफ कैसे कार्रवाई हो रही है। उन्होने कहा कि अराजक तत्वों के विरूद्ध सख्ती के साथ कार्यवाही की जा रही है। उन्होने कहा कि राष्ट्र विरोधी और समाज विरोधी तत्वों को भी चखनाचूर करके रहेंगे और धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा भी करेंगे। मां की स्मृतियों को भी जीवंत बनाएंगे। यह अभियान इसी का परिणाम है। उन्होने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री ने 11 वर्ष पहले इसी अभियान के क्रम में धरती माता का सेहत ठीक हो, इसके लिए उन्होंने तमाम प्रकार के अभियान चलाए। हर घर प्रत्येक घर में एक-एक शौचालय हो, स्वच्छता के माध्यम से हर परिवार को आरोग्यता के लक्ष्य तक पहुंचाने के कार्यक्रम का शुभारंभ हो या फिर हर घर को जल तक देने का, जल पहुंचाने का कार्यक्रम, हर घर में उज्ज्वला योजना का रसोई गैस फ्री में उपलब्ध करवाने का कार्यक्रम, ये कनेक्शन फ्री में लगभग 11-12 करोड़ लोगों को प्राप्त हुआ। पहले केरोसिन से, कोयले से और लकड़ी काट के लोग चूल्हा जलाकर के भोजन बनाते थे। उससे कार्बन उत्सर्जन होता था। स्वास्थ्य के प्रति भी खराब था। धरती माता के भी प्रदूषण को बढ़ाता था। उन्होने कहा कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी अंधकार की ओर धकेलता था। लेकिन मोदी जी ने रसोई गैस के कनेक्शन फ्री दिए और हम लोगों ने दीपावली और होली के लिए फ्री में सिलेंडर देने की बात करके उसको लागू भी कर दिया। उन्होने कहा कि बिना भेदभाव के सब कुछ सबको मिल रहा है। यह सिलेंडर देने का कार्यक्रम कार्बन उत्सर्जन को कम करने का ही कार्यक्रम है। प्रदूषण को कम करने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे और उस पर लगाए जाने वाले व्यापक वृक्षारोपण का एक कार्यक्रम यूपीडा के द्वारा उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के माध्यम से किए जाने वाले विकास के कार्यों को एक नई गति देने का कार्यक्रम है। इसमें छायादार पेड़ भी हैं, औषधीय वृक्ष भी है, फलदार वृक्ष भी है और तमाम प्रकार के अमूल्य ऐसे पेड़ों को लगाया जा रहा है, जो इमारती लकड़ियों के भी हैं। सोदार भी हैं। उन्होने कहा कि जितने लोग इतनी भारी संख्या में यहां एकत्र हैं, आप सभी वन विभाग के पास से एक-एक पेड़ जरूर लें, और जाकर के अपने घर पर, खेत में पेड़ लगाइए। उन्होने कहा कि वर्तमान में जो किसान अपने खेत की मेड पर इमारती लकड़ी से जुड़ा हुआ कोई पेड़ लगाता है, कोई पौधारोपण करता है, अगर उसने उस पेड़ का रजिस्ट्रेशन करवाया है तो रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद उसकी 5 वर्ष तक उसको निरंतर उसकी मॉनिटरिंग होती है, 5 वर्ष तक क्रमिक रूप से अगर पेड़ बढ़ रहा है और बढ़ने के बाद अगर उसमें एक निश्चित ऊंचाई प्राप्त कर ली है तो 5 वर्ष के बाद एक पेड़ पर 5 वर्ष के लिए हर वर्ष 5 डॉलर उस परिवार को प्राप्त होता है। उन्होने कहा कि आपका पेड़ ऊंचा होगा, उसका भी लाभ आपको मिलेगा, और वो इमारती लकड़ी के रूप में कल बिकेगा तो उसका लाभ भी आपको मिलेगा। उन्होने कहा कि वैश्विक संस्थाओं ने भी इस बात को स्वीकार किया है। यह नया प्रयास है। उन्होने कहा कि 5 लाख एकड़ क्षेत्रफल में वन आच्छादन यूपी के अंदर बढ़ा है। उन्होने कहा कि आज प्रातः अयोध्या धाम में भगवान राम की पावन जन्मभूमि पर अयोध्या में व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होने कहा कि मुझे प्रसन्नता है आज समाज का विभिन्न तबका, धर्माचार्य हो या जनप्रतिनिधि, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी हो या कार्मिक हो, या फिर सामान्य नागरिक हो, या अन्नदाता किसान, समाज का हर तबका इस अभियान के साथ जुड़ रहा है और इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाई तक पहुंचा रहा है। उन्होने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लगा कि हमने 12 घंटे का समय दिया है। 12 घंटे के अंदर 37 करोड़ वृक्षारोपण के एक नए कीर्तिमान को उत्तर प्रदेश स्थापित करेगा। उन्होने कहा कि पिछले 6 घंटे में ही हमने 22 करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। अभी 6 घंटे बाकी है। युद्ध स्तर पर एक कार्यक्रम चल रहा है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा तमसा नदी की सफाई अभियान एवं पुनरोद्धार व वृक्षारोपण पर तैयार की गयी लघु फिल्म दिखायी गयी। लघु फिल्म को देखकर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन आजमगढ़ को इस बात का धन्यवाद दिया कि तमसा नदी के पुनरोद्धार की बीड़ा उन्होंने उठाया है। यहां के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से, हमारे विधान परिषद सदस्य, प्रभारी मंत्री, यहां के जन प्रतिनिधिगण, तमाम समाज के मानिंदों के माध्यम से उन्होंने इस कार्यक्रम का बेड़ा अपने हाथों में लिया है। उन्होने कहा कि तमसा नदी पौराणिक नदी है। इसका अपना पौराणिक महत्व है। यहां पर जो आश्रम है, उनका अपना पौराणिक महत्व है। उस पौराणिकता के साथ विरासत का संरक्षण करने का यह अभियान हमारा है और उस नदी के पुनद्धार के साथ-साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ उसको जोड़ने का एक कार्यक्रम अभिनंदनीय है, सराहनीय है। इस अभियान को और गति से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होने अपील किया कि 60 लाख पौधा अकेले आजमगढ़ जनपद आज लगा रहा है। 60 लाख अभी यहां से जाने के बाद 60 लाखवां पौधा मैं लगाने जा रहा हूं, यह दिखाता है कि ये केवल वर्तमान को संवारने का नहीं, बल्कि अपने भविष्य को बचाने का भी हमारा अभियान है और यह अभियान ऐसे ही बढ़ेगा। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश आज जिस गति से विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है, उस गति के साथ उत्तर प्रदेश अपने पर्यावरण और वन आच्छादन को भी आगे बढ़ा के दश के अंदर एक बेहतरीन प्रदेश के रूप में आम जन की आशा और आकांक्षा के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी जी के विज़न कि विरासत भी है, विकास भी है, पर्यावरण का संरक्षण भी है, धरती माता के प्रति और अपनी माता के प्रति कृतज्ञता का भाव भी है, इस भाव के साथ हम इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाई तक पहुंचाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने जनपद वासियों से अपील किया कि इस कार्यक्रम में आप भी एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाइए। उसकी सेल्फी अपलोड करिए और वन विभाग के द्वारा पुरस्कार भी प्राप्त करिए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा जीरो पॉवर्टी अभियान के अन्तर्गत एक पेड़ के नाम पर अमरजीत, श्रीमती रिंकू देवी, सोनमती देवी, बुधिराम, श्रीमती अनिता देवी को सहजन का पौधा एवं नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों में दीपक चौहान, श्वेता मौर्या, सकिना बदर, अमृता यादव एवं मोहनी राजभर को चॉकलेट व सहजन का पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय/प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन उ0प्र0 कृष्णपाल मलिक, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, विक्रान्त सिंह ‘रिशू’, मुख्य सचिव उ0प्र0 मनोज कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक बी प्रभाकर, मण्डलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनिल कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हेमराज मीना, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गम्भीर सिंह सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण एवं जन प्रतिनिधिगण तथा भारी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहे।
- मुख्यमंत्री जी ने आजमगढ़ को संगीत महाविद्यालय देकर संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊंचाई दी है- प्रभारी मंत्री
- उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज वृक्षारोपण का यह विश्व रिकॉर्ड बन रहा है- प्रभारी मंत्री
- एक पेड़ मॉ के नाम पर अवश्य लगायें और उसका संरक्षित भी करें- प्रभारी मंत्री
- कोई भी नारा या अभियान तब तक सार्थक नही होता, जब तक जन सहभागिता सुनिश्चित नही होती है- प्रभारी मंत्री
- उत्तर प्रदेश कि शान में मा0 मुख्यमंत्री जी आज एक और नगीना जड़ रहे है- प्रभारी मंत्री
- मुख्यमंत्री जी ने पौधरोपण का जो संकल्प लिया है, उसे हम सबको मिलकर साकार करना- प्रभारी मंत्री
- पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलित रहता है, इससे जल स्तर बना रहता है- मा0 राज्यमंत्री वन एवं पर्यावरण
- उत्तर प्रदेश को प्रदेश सरकार ने रोजगार का हब बना दिया है- पूर्व सांसद
आजमगढ़ 09 जुलाई-- मंत्री श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय/प्रभारी मंत्री श्री अनिल राजभर ने अपने सम्बोधन में कहा कि नौजवानों के सपनों को साकार करने के लिए यशस्वी मा0 मुख्यमंत्री जी ने आजमगढ़ को सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ दिया, चीनी मिल जो बन्द थी, उसका ताला खुलवाने का काम किया और हरिहरपुर घराने में संगीत को संरक्षित व संवर्धन करने हेतु संगीत महाविद्यालय भी दिया। उन्होने कहा कि आजमगढ़ की पवित्र माटी है, जिसके संगीत का डंका पूरी दुनिया में बजता है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने आजमगढ़ को संगीत महाविद्यालय देकर आजमगढ़ की संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊंचाई दी है, उसके लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज वृक्षारोपण का यह विश्व रिकॉर्ड बन रहा है। उन्होने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी जैसे ही एक वृक्ष लगाएंगे, आजमगढ़ की धरती पर 60 लाखवां वृक्ष लगेगा और पूरे उत्तर प्रदेश में आज शाम तक 37 करोड़ से भी ज्यादा वृक्ष लगेंगे।
प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी ने बहुत भावनात्मक अभियान को आगे बढ़ाया है। उन्होने कहा कि एक पेड़ मॉ के नाम पर अवश्य लगायें और उसका संरक्षित भी करें। इससे आपको आत्मसंतुष्टि मिलेगी। उन्होने कहा कि कोई भी नारा या अभियान तब तक सार्थक नही होता है, जब तक जन सहभागिता सुनिश्चित नहीं होती है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश कि शान में मा0 मुख्यमंत्री जी आज एक और नगीना जड़ रहे है। उन्होने कहा कि जब से सरकार बनी है, तब से साल दर साल प्रदेश सरकार रिकार्ड बना रही है। उन्होने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री जी ने पौधरोपण जो संकल्प लिया है, उसे हम सबको को मिलकर साकार करना है। उन्होने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने किसानों को ताकत देने के लिए नौजवान जो गांव, घर, खेत, खलिहान में रहते हैं, उनके जीवन को बनाने के लिए हमारे जो नदियां पुनरक्षित करने के लिए संकल्प प्रदेश सरकार ने लिया है, उसके लिए सभी लोगों की तरफ से मा0 मुख्यमंत्री जी प्रशंसा और अभिनंनदन करता हूं।
मा0 राज्यमंत्री, वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन उ0प्र0 श्री कृष्णपाल मलिक ने अपने सम्बोधन में कहा कि पूरे प्रदेश में 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। जनपद आजमगढ़ में 60 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। जिसमें ग्राम पंचायत केरमा में यूपीडा द्वारा चिन्हित जमीन पर 12 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होने उपस्थित जन सामान्य से अपील करते हुए कहा कि एक पेड़ मॉ के नाम अवश्य लगायें और उसको संरक्षित करें। पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलित रहता है, इससे जल स्तर बना रहता है एवं मानव जीवन भी सुरक्षित रहता है।
पूर्व सांसद आजमगढ़ श्री दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज दुनिया में कहीं भी रहें, कुछ भी पढ़ें या लिखें, लेकिन भोजपूरी भाषा के सम्मान से कोई समझौता मत करें। उन्होने जय भारत, जय भोजपुरी का नारा देते हुए भोजपुरी संगीत के सम्मान में भोजपुरी गाने की प्रस्तुती की। उन्होने कहा कि जो लोग भोजपुरी का अपमान करेंगे, उनको उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जायेगा। पूर्व की सरकारों में पूर्वांचल के विकास के मामले को हासिये पर रखा गया, जबकि वर्तमान सरकार मे पूरे उत्तर प्रदेश का विकास तो हो रहा है, साथ में आजमगढ़ भी विकास के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है और पूर्वांचल भी चमक रहा है। प्रदेश सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आजमगढ़ को जोड़कर आजमगढ़ का भाग्य बदल दिया है। उन्होने कहा कि हर क्षेत्र में चाहे वह शिक्षा हो, चाहे वह सड़क की कनेक्टिविटी हो, हर क्षेत्र मे प्रगति हर रहा है। अब तो उत्तर प्रदेश को प्रदेश सरकार ने रोजगार का हब बना दिया है। किसी को रोजगार करने के लिए अपना घर परिवार छोड़कर कहीं और जाने की जरूरत नही है।
पूर्व सांसद ने कहा कि आप सभी के बच्चों के भविष्य के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में अब उद्योग लगाने शुरू कर दिये हैं। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए उन्होने मा0 मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि आज आजमगढ़ की धरती पर जैसे मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा पौधारोपण किया जायेगा, आजमगढ़ में पौधारोपण की संख्या 60 लाख हो जायेगी। उन्होने कहा कि भविष्य और प्रकृति को संवारने के लिए मा0 प्रधानमंत्री जी के अभियान को बढ़ाते हुए मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा किये गये प्रयासों में हम सबकी सहभागिता भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
- जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम हुआ सकुशल सम्पन्न
- कार्यक्रम के सकुशल सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को दी बधाई
- विभागीय अधिकारियों के सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर सफलतापूर्वक 12 हजार पौधों का रोपण किया गया- जिलाधिकारी
- जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण एवं प्रयासों से कार्यक्रम स्थल पर 15 हजार से अधिक युवा, महिला एवं पुरुषों ने प्रतिभाग कर मा मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना एवं आशीर्वचन लिया
आजमगढ़ 09 जुलाई-- एक पेड़ मॉ के नाम 2.0 के अन्तर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने पर जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने जनपद स्तरीय अधिकारियों बधाई दी।
वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर जनपद आजमगढ़ मा0 मुख्यमंत्री जी के आने की सूचना पाते ही जिलाधिकारी महोदय ने तत्काल कार्यक्रम स्थल का भ्रमण एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी महोदय द्वारा लगातार कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। पौधरोपण से एक दिन पूर्व भी जिलाधिकारी द्वारा मण्डलायुक्त, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ भ्रमण कर कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराया जाना सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर लगातार उपस्थित रहकर अपनी देखरेख मे वृक्षारोपण कार्यक्रम से संबंधित कार्याें को समय से पूर्ण कराया गया। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किये गये। इसके लिए जिलाधिकारी महोदय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बधाई दी।
जन सामान्य को आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे एवं अण्डर पास पर जगह-जगह साइनेज लगवाये गये। आने-जाने वाले जन सामान्य के वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गयी।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर गर्मी के दृष्टिगत जन सामान्य को कोई परेशानी ना हो, इसलिए सभी गाड़ियों में ओआरएस की पर्याप्त पैकेट रखवाये गए थे। जनसभा स्थल पर प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई थी तथा किसी भी आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही जन सभा स्थल के प्रत्येक ब्लाक में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करायी गयी थी। विभागीय अधिकारियों के सहयोग से कार्यक्रम स्थल ग्राम पंचायत केरमा में सफलतापूर्वक 12 हजार पौधों का रोपण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा लगातार किये गये पर्यवेक्षण एवं प्रयासों से कार्यक्रम स्थल पर 15 हजार से अधिक युवा, महिला एवं पुरुषों ने प्रतिभाग कर माननीय मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना एवं आशीर्वचन लिया।
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695


