सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएं मिले : दयाशंकर सिंह सवाददाता - बागी न्यूज 24 आजमगढ़ l जनपद ...
सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी समयबद्ध व पारदर्शी सेवाएं मिले : दयाशंकर सिंह
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़ l जनपद विकास को आज एक नई रफ्तार मिली है। जनपदवासियों को अब परिवहन सेवाओं के लिए और अधिक आधुनिक, पारदर्शी तथा सुविधाजनक व्यवस्था मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और डिजिटल सुशासन की सोच को आगे बढ़ाते हुए आज आजमगढ़ में नवनिर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय यानी आरटीओ भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि एमएलसी विक्रांत सिंह ‘रिशु’ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ फीता काटकर नए भवन का लोकार्पण किया गया। नवनिर्मित आरटीओ भवन को आधुनिक तकनीक और जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्सेशन और अन्य परिवहन संबंधी सेवाएं अधिक व्यवस्थित तरीके से एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी बल्कि सेवाओं के निस्तारण में भी पारदर्शिता और गति आएगी। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को बिना किसी परेशानी के समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नया आरटीओ भवन आजमगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे पूर्वांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स को सम्मानित कर उनकी सेवा भावना, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को जनहित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर आरटीओ प्रशासन अश्वनी सिंह रजपूत, आरटीओ प्रवर्तन सुनील दत्त यादव, आरटीओ प्रवर्तन विष्णु दत्त मिश्रा, एआरटीओ प्रशासन अतुल कुमार यादव, सम्माननीय निरीक्षक प्राविधिक प्रमोद कुमार गौतम, प्रधान सहायक शेख श्रीवास्तव, नैनीश श्रीवास्तव, विद्याभूषण माणिक, अमित कुमार यादव, अमित कुमार तथा रियाज अहमद फारूकी सहित परिवहन विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं से लैस यह आरटीओ कार्यालय जनपदवासियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा और आजमगढ़ को स्मार्ट एवं डिजिटल परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहचान दिलाएगी l
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695






