जिलाधिकारी ने बाबासाहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित की डॉ भीमराव अ...
- जिलाधिकारी ने बाबासाहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित की
- डॉ भीमराव अंबेडकर अपने कर्मों से महान बने हैं -जिलाधिकारी
- लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री द्वारा डॉ.भीमराव रामजी आंबेडकर जयंती पर भव्य समारोह एवं स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम का जनपद में हुआ प्रसारण
- डॉ भीमराव अम्बेडकर का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा,जागरूकता एवं संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़। भारत रत्न,संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जनपद आजमगढ़ में गांव से लेकर कलेक्ट्रेट तक बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थानों,संस्थाओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। लखनऊ में आयोजित डॉ.भीमराव रामजी आंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह एवं स्मारिका का विमोचन मा.मुख्यमंत्री,उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम के जनपद में प्रसारण को जनमानस ने देखा व सुना। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने डॉ.अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गंभीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, उप संचालक चकबंदी राम किशोर सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ.अंबेडकर ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अटूट समर्पण एवं दृढ़ निष्ठा के बल पर जीवन की हर चुनौती को अवसर में परिवर्तित किया। उनका जीवन, उनके विचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनका अमूल्य योगदान हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में समानता का अधिकार तथा बिना किसी भेदभाव के मतदान का अधिकार जैसे प्रगतिशील प्रावधानों ने एक सशक्त और समतामूलक भारत की नींव रखी है। डॉ भीमराव अंबेडकर अपने कर्मों से महान बने हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन का ध्येय बनाया और इन्हीं आदर्शों को संविधान में समाहित कर देश को एक सशक्त दिशा प्रदान की। संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश को एक ऐसा दूरदर्शी दस्तावेज दिया, जो आज भी लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा, जागरूकता एवं संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जब देश विकसित एवं समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, तब बाबा साहब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनका संघर्ष हमें अन्याय, असमानता एवं भेदभाव के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है l कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए कलेक्ट्रेट में कार्यालय सहायक अरविंद मौर्य ने डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
विकास भवन,पुलिस विभाग सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खंडों एवं नगरीय निकायों सहित विभिन्न शासकीय/अशासकीय कार्यालयों में भी डॉ. अंबेडकर जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क, शहीद कुंवर सिंह उद्यान सहित विभिन्न स्थलों पर भी लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695






