सवाददाता - बागी न्यूज 24 आजमगढ़ । तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सेना क...
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़ । तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य, अकादमिक डायरेक्टर राम नयन मौर्य तथा प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश के वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। विद्यालय की छात्रा अदिति मिश्रा ने भावपूर्ण स्वर में प्रसिद्ध देशभक्ति गीत-"ऐ मेरे वतन के लोगों, ज़रा आँख में भर लो पानी,जो शहीद हुए हैं उनकी, ज़रा याद करो कुर्बानी..." प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उनकी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा चार के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कारगिल विजय दिवस पर आधारित विशेष झांकी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी ने भारतीय सैनिकों के साहस और देशप्रेम का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया। विद्यालय की छात्राओं इशिता दुबे एवं गरिमा सिंह ने अपने प्रेरणादायी भाषण में कारगिल युद्ध के इतिहास, महत्व तथा भारतीय सैनिकों की वीरता पर प्रकाश डाला। उनके विचारों ने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। अकादमिक डायरेक्टर राम नयन मौर्य ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि उन अमर वीरों की शहादत का स्मरण कराने वाला राष्ट्रीय पर्व है, जिसे पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भले ही कारगिल के वीर आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शहादत, वीरता और राष्ट्रप्रेम सदैव हमें प्रेरणा देते रहेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता,किशन यादव, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695






