सवाददाता - बागी न्यूज 24 आजमगढ़ l उच्च न्यायालय द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में संचालित "वृक्षारोपण महाअभियान-2026" ...
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़ l उच्च न्यायालय द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में संचालित "वृक्षारोपण महाअभियान-2026" तथा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत रविवार को दीवानी न्यायालय, परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में दीवानी न्यायालय के न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का दायित्व निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने पर भी विशेष बल दिया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए वृक्षारोपण को नियमित जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695






