महिलाओं के समग्र उत्थान व सशक्तीकरण हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए : कमलावती सिंह सवाददाता - बागी न्यूज 24 आजमगढ...
महिलाओं के समग्र उत्थान व सशक्तीकरण हेतु योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए : कमलावती सिंह
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़। कमलावती सिंह, अध्यक्ष, उ0प्र0 महिला कल्याण निगम ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला महिला अस्पताल एवं सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं के समग्र उत्थान एवं विकास पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान मा० अध्यक्ष ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती कुपोषित महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को पौष्टिक आहार, आवश्यक दवाएं एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं सुव्यवस्थित एवं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। विशेष रूप से भर्ती बच्चियों के स्वास्थ्य सुधार पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण में रोगियों का शीघ्र स्वास्थ्य लाभ संभव होता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस दौरान अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई योजना, विधवा एवं वृद्धा पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। साथ ही कोविड-19 से प्रभावित बच्चों के शिक्षा एवं विकास हेतु प्रति माह ₹2500 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की पहल पर एकल महिला छात्रावास की स्वीकृति प्रदान की गई है, जो बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। सखी वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने वहां संचालित सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सभी कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी पाए जाने पर उन्होंने सेंटर इंचार्ज एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण को नई दिशा देते हुए विभिन्न नवाचारों पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह सहित महिला कल्याण विभाग की विभिन्न इकाइयों के प्रभारी, इंचार्ज एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695








