गर्मी के मौसम में बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जाए – जिलाधिकारी सवाददाता - बागी न्यूज 24...
गर्मी के मौसम में बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जाए – जिलाधिकारी
सवाददाता - बागी न्यूज 24
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शंभू कुमार की उपस्थिति में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा जनपद के समस्त अधिशासी अभियंताओं के साथ विद्युत आपूर्ति एवं राजस्व वसूली की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता, फाल्ट निस्तारण, लाइन लॉस, ट्रांसफार्मरों की स्थिति एवं सरकारी योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा जहां कहीं भी विद्युत भार अधिक होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही हो, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने फीडरवार लाइन लॉस की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक फीडर का लाइन लॉस चिन्हित कर उसका विस्तृत विश्लेषण किया जाए तथा जहां भी अधिक लाइन लॉस पाया जाए, वहां इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि लाइन लॉस कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम द्वारा विकसित “सेबी सिस्टम” ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी फाल्ट एवं शिकायतों को तत्काल ऐप पर दर्ज किया जाए तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत संचालित विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकाzर नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण अथवा राजस्व वसूली के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। बैठक में शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के दौरान उत्पन्न होने वाले व्यवधानों पर विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ऐसे सभी बिंदुओं का तकनीकी विश्लेषण कर आवश्यक प्राक्कलन तैयार किया जाए तथा विद्युत आपूर्ति को प्रभावित करने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति, लाइन लॉस नियंत्रण, राजस्व वसूली तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
"BAGI News 24" Chief Editor Abdul Kaidir "Baaghi", Bureau Office –District Cooperative Federation Building, backside Collectorate Police Station, Civil Line, Azamgarh, Uttar Pradesh, India, Pin Number – 276001 E-mail Address – baginews24@gmail.com, Mobile Number - +91 9415370695






